द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों ने देर रात फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। भुरकुंडा–सौंदा बस्ती मुख्य मार्ग स्थित पतरातू रेलवे फाटक के पास निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज साइट पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, जयनगर निवासी सुरक्षा गार्ड प्रदीप राजवंशी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान देर रात बाइक सवार दो हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गार्ड की जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।

गोलीबारी की आवाज सुनते ही निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आसपास के लोग भी इस घटना से सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटनास्थल से खोखा और अपराधियों द्वारा छोड़ा गया एक पर्चा मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। घायल गार्ड को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों के फरार होने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल गार्ड के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घायल के बेहतर इलाज की व्यवस्था कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।